जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

जयपुर में सीएम अशोक गहलोत का एक होर्डिंग चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी का पता चलते ही एक्टिव हुई पुलिस ने रात को ही दबिश देना शुरू कर दिया। 6 पुलिसवालों ने 24 घंटे में होर्डिंग चोरी करने वाले को पकड़ लिया। मामला विश्वकर्मा इलाके का है। दरअसल, 3 मई को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जन्मदिन है। इस मौके पर विश्वकर्मा स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले राष्ट्रीय संस्थान में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी का 40x 8 फीट का होर्डिंग वीकेआई के पास सीकर रोड पर लगाया गया था। 29 अप्रैल को होर्डिंग गायब मिला तो संस्थान के जिला अध्यक्ष सीताराम सैनी ने शाम को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। मुख्यमंत्री के होर्डिंग चोरी होने की सूचना पर हड़कंप मच गया।

6 पुलिसकर्मियों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले
विश्वकर्मा थाना सीआई रमेश सैनी ने बताया- घटना की जानकारी मिलने पर 6 पुलिसकर्मियों ने होर्डिंग के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान पास में स्थित होटल ताज के कैमरे में एक व्यक्ति कैद हो गया। उसकी तलाश में पुलिस ने रातभर दबिश दी।

इसके बाद 30 अप्रैल की सुबह करीब 8 बजे यह व्यक्ति पुलिस के हाथ लगा। उसकी पहचान कपिल के रूप में हुई। उसने बताया- कंपनी मालिक के द्वारा पैसा नहीं दिए जाने के कारण उसने गुस्से में ये होर्डिंग निकाला था। एसआई राजकुमार को इस पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई थी। 30 अप्रैल को ही पुलिस ने हटाया गया होर्डिंग बरामद कर लिया। सीताराम सैनी ने बताया- होर्डिंग मिलने के बाद उनके द्वारा लिखित में थाने में पत्र दिया गया है। जिसमें किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं करने की बात कही गई है।

4 हजार रुपए है होर्डिंग
सीताराम सैनी ने बताया- मुख्यमंत्री अशोक गहलोत संस्थान के मुख्य संरक्षक हैं। ऐसे में उनके जन्मदिन पर रक्तदान शिविर लगाया जाता हैं। 25 तारीख से इलाके में पोस्टर लगाए जा रहे हैं। 29 अप्रैल को सुबह 8.20 से 8.45 बजे के बीच में होर्डिंग नहीं मिला। सैनी ने बताया कि शहर में तीन दर्जन से अधिक जगह पर होर्डिंग लगे हुए हैं। इस एक होर्डिंग की कीमत 4 हजार रुपए थी। कपिल शराबी किस्म का व्यक्ति है।