जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) 12वीं आट्‌र्स का रिजल्ट गुरुवार दोपहर करीब सवा तीन बजे जयपुर के शिक्षा संकुल में शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने जारी किया। रिजल्ट 92.35% रहा है। इसमें प्रदेशभर के 7 लाख 19 हजार 838 स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था।

एक बार फिर लड़कियों ने बाजी मारी है। 94.60 प्रतिशत छात्राएं पास हुई हैं, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 90.65 रहा है। इस हिसाब से छात्रों के मुकाबले 4% ज्यादा बेटियां पास हुई हैं।

जिलों की बात की जाए तो जोधपुर का परिणाम सबसे ज्यादा 96.21 प्रतिशत रहा। जबकि सबसे कम रिजल्ट प्रतापगढ़ जिले का 86.08 प्रतिशत रहा।

शिक्षा विभाग ने वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा का भी रिजल्ट जारी किया। इसमें प्रदेशभर के 5592 हजार स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था। स्टूडेंट्स 12वीं आट्‌र्स के साथ वरिष्ठ उपाध्याय का रिजल्ट माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं।

सवा तीन लाख फर्स्ट डिवीजन से पास

परीक्षा में कुल (छात्र-छात्राएं) 3 लाख 26 हजार 413 स्टूडेंट्स फर्स्ट डिवीजन, 2 लाख 69 हजार 154 स्टूडेंट्स सेकेंड डिवीजन, जबकि 55 हजार 855 स्टूडेंट्स थर्ड डिवीजन पास हुए हैं। 16 हजार 838 स्टूडेंट्स की सप्लीमेंट्री आई है। परीक्षा में 1 लाख 36 हजार 135 छात्र फर्स्ट डिवीजन, 1 लाख 50 हजार 529 सेकेंड डिवीजन, जबकि 32 हजार 970 छात्र थर्ड डिवीजन पास हुए हैं। इनमें 9486 छात्रों की सप्लीमेंट्री आई है।

छात्राओं की बात की जाए तो 1 लाख 89 हजार 918 फर्स्ट डिवीजन, 1 लाख 18 हजार 904 सेकेंड डिवीजन और 22 हजार 667 थर्ड डिवीजन पास हुई हैं। 7020 छात्राओं की सप्लीमेंट्री आई है।

सीकर की विदुषी ने हासिल किए 99.20 प्रतिशत नंबर
सीकर स्थित प्रिंस स्कूल की छात्रा विदुषी शेखावत ने 12वीं आट्‌र्स में 99.20 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। विदुषी को पॉलिटिकल साइंस में 100, ज्योग्राफी में 100 व हिस्ट्री में 99 नंबर मिले हैं। विदुषी सीकर जिले के दुजोद गांव की रहने वाली है l पिता अजय सिंह शेखावत होटल मैनेजमेंट का काम करते हैं। मां बसु कंवर हाउस वाइफ हैं। विदुषी जज बनना चाहती हैं।