बीकानेर ब्यूरो रिपोर्ट।  

विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा एक्शन मोड में आ गई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री भी बीकानेर में है। भाजपा के दोनों वरिष्ठ नेता बुधवार को बीकानेर में थे लेकिन आमने-सामने नहीं हुए। प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे दोनों विधायक सिद्धि कुमारी के यहां शोक व्यक्त करने तो पहुंचे लेकिन अलग-अलग गए। राजे के यहां पहुंचने से पहले ही जोशी बीकानेर से देशनोक होते हुए नागौर के लिए निकल लिए।

भाजपा के जनआक्रोश घेराव में हिस्सा लेने आए सीपी जोशी ने रात्रि विश्राम बीकानेर में ही किया। वो सुबह बीकानेर पूर्व की विधायक सिद्धिकुमारी से मिलने उनके निवास पर गए। पूर्व राजमाता सुशीला कुमारी के निधन पर शोक व्यक्त करने के बाद सिद्धिकुमारी के साथ काफी देर तक बातचीत की। इस दौरान किसी तरह की राजनीतिक बातचीत नहीं हुई। जोशी यहां से देशनोक के लिए रवाना हुए और फिर वहां से नागौर के लिए चले गए।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे बीकानेर पहुंची तो उनका जबर्दस्त स्वागत किया गया। नई दिल्ली से राजे विमान से बीकानेर आई। यहां सिविल हवाई अड्‌डे पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसमें कोलायत के पूर्व विधायक देवीसिंह भाटी भी शामिल है। भाटी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। बड़ी संख्या में लोग भाटी के साथ थे। इसके अलावा नगर विकास न्यास के पूर्व चैयरमेन महावीर रांका भी हवाई अड्‌डे पहुंचे। भाजपा के शहर अध्यक्ष विजय आचार्य और पूर्व अध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य ने भी राजे का स्वागत किया। कयास लगाए जा रहे थे कि राजे बीकानेर में पहले देवीसिंह भाटी के आवास पर जाएंगी और बाद में सिद्धिकुमारी के यहां। जबकि वो पहले सिद्धिकुमारी के यहां पहुंची। जहां काफी देर तक उन्होंने सिद्धिकुमारी से बातचीत की। राजे के साथ पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ और युनूस खान भी थे। सिद्धिकुमारी से मुलाकात के बाद राजे ने लालगढ़ पैलेसे में ही आराम किया।

ये नेता भी पहुंचे

दो दिन में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ भी बीकानेर आए। जन आक्रोश घेराव में वो प्रदेशाध्यक्ष के साथ रहे। बीकानेर के सांसद और पूर्व मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भी इस कार्यक्रम में काफी सक्रिय नजर आए। लूणकरनसर विधायक सुमित गोदारा और नोखा विधायक बिहारी बिश्नोई भी सीपी जोशी के साथ रहे।