जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राजस्थान में ईद का त्योहार मनाया जा रहा है। इस मौके पर जयपुर में ईदगाह पर नमाज अदा की गई। सभी लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। जयपुर में ईदगाह, अजमेर में दरगाह का जन्नती दरवाजा खोला गया, कोटा और बाड़मेर समेत पूरे राजस्थान में ईद की नमाज पढ़ी गई। राजस्थान के मुफ्ती शेर मोहम्मद खान ने बताया- शुक्रवार को ईद के चांद का दीदार हो गया।

उन्होंने देशवासियों को ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा- रमजान के महीने में 30 दिन के रोजे रखे जाते हैं। इसी के साथ रमजान का महीना पूरा हुआ। साथ ही माहे रमजान का मुबारक महीना रुखसत होने का ऐलान भी हो गया।' वहीं, राजस्थान के विभिन्न शहरों, गांवों और कस्बों में चांद दिखने के बाद रोजेदार बड़ी संख्या में मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे। चांद का दीदार होते ही बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी। ईद-उल-फितर का त्योहार की खरीदारी के लिए लोग बाजारों का रुख कर रहे हैं।

अजमेर में मनाया ईदुल-फितर का पर्व
अजमेर में दरगाह की शाहजहानी एवं संदली मस्जिद, केसरगंज ईदगाह व रातीडांग ईदगाह सहित अनेक मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। ख्वाजा साहब की दरगाह का जन्नती दरवाजा भी खोला गया। बड़ी संख्या में जायरीन जियारत के लिए पहुंचे और दुआ की गई। कैसरगंज ईदगाह में विभिन्न धर्मों के लोगों के साथ प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और ईद की सभी को शुभकामनाएं दी। इस दौरान जिला पुलिस के द्वारा सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए।

कोटा के किशोरपुरा ईदगाह में अदा की गई नमाज
कोटा में ईद के त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रमजान के महीने के बाद शुक्रवार को चांद नजर आते ही शनिवार सुबह से ही ईद की नमाज के लिए अकीदतमंदों ने ईदगाह पहुंचे। किशोरपुरा मुख्य ईदगाह में शहर काजी जुबेर अहमद ने ईद की नमाज अदा कार्रवाई। देश में अमन चैन खुशहाली की दुआएं करवाई। हजारों की तादाद में नमाज अदा करने पहुंचे सभी ने देश मे अमन चैन खुशहाली की दुआएं की।

बाड़मेर में ईद पर ईदगाह में नमाज अदा की
बाड़मेर में गेहूं रोड स्थित ईदगाह के मैदान में हजारों की संख्या में मुस्लिम भाईयों ने ईद की नमाज अदा की। इसके बाद खुदा की बारगाह में हजारों हाथ एक साथ देश की खुशहाली, भाईचारा, अमनो-अमन व तरक्की के लिए उठे। लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी गई।