जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

कांग्रेस चुनावी साल में 9 लाख कार्यकर्ताओं को संगठन में अलग-अलग पद देकर जिम्मेदारियां देने जा रही हैं। पहली बार कांग्रेस मंडल और बूथ लेवल तक कमेटियां बनाकर चुनावी रणनीति के हिसाब से कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देंगी। पहले मंडल और बूथ लेवल तक बीजेपी ही योजना के तहत संगठन बनाकर चुनावी व्यूह रचना बनाती आई है। अब कांग्रेस भी बीजेपी की तर्ज पर संगठन को हर लेवल पर मजबूत करने की तैयारी में है।

कांग्रेस ने पहली बार मंडल अध्यक्ष और उनकी कार्यकारिणी बनाई है। उदयपुर में हुए चिंतन शिविर के बाद संगठन में नया पैटर्न अपनाने का फैसला किया था। मई 2022 में हुए चिंतन शिविर में छह महीने के भीतर सभी नियुक्तियां करने की डेडलाइन दी थी, लेकिन तय वक्त में यह काम नहीं हो पाया। अब चुनावी साल में सभी नियुक्तियां की जा रही हैं। इन कार्यकर्ताओं को मंडल, ब्लॉक और बूथ लेवल पर जिम्मेदारियां दी जाएगी। कांग्रेस में 2200 मंडल बनाने के बाद उनकी कार्यकारिणी में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को पद मिलेंगे। कांग्रेस में सुखजिंदर सिंह रंधावा के प्रदेश प्रभारी बनने के बाद ढाई साल से खाली चल रहे संगठन के पदों पर नियुक्तियां होंगी।

कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को पद देने का गणित

कांग्रेस में हर मंडल में 31 नेताओं की कार्यकारिणी होगी। 2200 मंडलों में मंडल अध्यक्ष और 68200 कार्यकारिणी को मिलाकर 70,400 नेताओं को पद मिल जाएंगे। 400 ब्लॉकों में 400 ब्लॉक अध्यक्ष और हर ब्लॉक में 51 नेताओं की ब्लॉक कार्यकारिणी होगी। ब्लॉक कार्यकारिणी में 20400 नेताओं को पद मिलेंगे, अध्यक्षों को जोड़कर यह आंकड़ा 20,800 होता है।

प्रदेश में 11283 ग्राम पंचायतों में 21-21 नेताओं की ग्राम पंचायत कांग्रेस कमेटी बनाई जाएगी। ग्राम पंचायत कमेटी में 2.37 लाख कार्यकर्ताओं को पद मिल जाएंगे। कांग्रेस ने अभी तक 52 हजार बूथ कमेटियों को छांटा है। हर बूथ पर 11 नेताओं की कमेटी बनेगी। बूथ कमेटियों में 5.72 लाख कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां मिलेंगी।

डोटासरा बोले- 15 दिन में लाखों नियुक्तियों का काम पूरा

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि हम नौ लाख कार्यकर्ताओं को संगठन में पद देने का काम जल्द पूरा करने वाले हैं। हमारी 80 फीसदी ब्लॉक कार्यकारिणी बन चुकी है। 15 दिन में मंडलों की कार्यकारिणी बन जाएगी। ग्राम पंचायत और बूथ कमेटियों का गठन भी हो जाएगा। नेताओं को संगठन में पद देकर सरकार की 10 बड़ी योजनाओं को गांव-ढाणी तक पहुंचाएंगे। अग्रिम संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों में होने वाली नियुक्तियां 9 लाख से अलग है।

सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए नेताओं को टास्क

गहलोत सरकार की 10 लोकलुभावन घोषणाओं को ग्राउंड पर लोगों तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस संगठन को भी काम में लगाया जा रहा है। सोमवार 24 अप्रैल से दो ​महीने के लिए प्रदेश भर में सरकार महंगाई राहत कैंप लगा रही है। इन राहत कैंप में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। कांग्रेस लोकलुभावन योजनाओं को जनता के बीच सियासी लाभ लेने और लाभार्थियों को वोटर्स में बदलने की कोशिश में है। पूरी एक्सरसाइज इसी के लिए की जा रही है।