श्रीगंगानगर - राकेश शर्मा 
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के संघर्ष के फलस्वरूप नगर परिषद श्रीगंगानगर में वर्ष 2013 में नियुक्त 328 सफाई कर्मचारियों को पत्रावली का कार्य पूर्ण होने के पश्चात् बृहस्पतिवार को 9 वर्ष के चयनित वेतनमान के एरियर का भुगतान हो गया है। सफाई कर्मचारी यूनियन प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश वाल्मीकि तथा जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल द्वारा वर्ष 2013 में नियुक्त 328 सफाई कर्मचारियों को 9 वर्ष की सेवा अक्टूबर, 2022 में पूर्ण होने पर 9 वर्षीय चयनित वेतनमान के एरियर का भुगतान करने के लिए अनेकों बार नगर परिषद सभापति तथा आयुक्त को ज्ञापन सौंपे गए थे तथा उचित मंच पर पुरजोर तरीके से आवाज उठाई गई थी।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश वाल्मीकि, जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल, सहित अनेकों सफाई कर्मचारी बृहस्पतिवार को कोष कार्यालय में अति. कोषाधिकारी से मिले तथा नगर परिषद श्रीगंगानगर में वर्ष 2013 में लगे 328 सफाई कर्मचारियों का एरियर बिल आज ही पास करने की माँग की। इस पर उन्होंने त्वरित कार्यवाही करते हुए 20 अप्रैल, बृहस्पतिवार को वर्ष 2013 में नियुक्त 328 सफाई कर्मचारियों को 9 वर्षीय चयनित वेतनमान के एरियर का भुगतान कर दिया। सफाई कर्मचारी यूनियन प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश वाल्मीकि तथा जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल ने उक्त सफाई कर्मचारियों को एरियर का भुगतान होने पर नगर परिषद सभापति, आयुक्त एवं नगर परिषद के अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया है। वहीं, 9 वर्षीय चयनित वेतनमान के एरियर का भुगतान होते ही वर्ष 2013 में लगे सफाई कर्मचारियों में हर्ष की लहर दौड़़ गई।