जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

जयपुर शहर में पहली बार सबसे ज्यादा संख्या में सफाई कर्मचारियों की भर्ती होने जा रही है। सरकार अब करीब 12400 लोगों की भर्ती की तैयारी कर रही है। जबकि पिछली विज्ञप्ति में कुल 30 हजार में से सिर्फ 3778 लोगों की ही भर्ती होनी थी। अब राजधानी की जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए 9 हजार से अधिक पद बढ़ाए जा रहे हैं। हालांकि नई विज्ञप्ति जारी होने के बाद ही यह फाइनल निर्णय माना जाएगा, लेकिन एक दिन पहले ही वाल्मीकि समाज के पदाधिकारियों के साथ ही अधिकारियों की बैठक में इस पर चर्चा हो चुकी है।

इसमें वाल्मीकि व एससी वर्ग को 66 प्रतिशत की हिस्सेदारी दी जाएगी, जिसमें से भी 50 प्रतिशत वाल्मीकि तथा हेला समाज के लाेग शामिल हाेंगे। उसके बाद 16 प्रतिशत एससी वर्ग और 21 प्रतिशत ओबीसी वर्ग को हिस्सेदारी देने की तैयारी है। एबीसी में आने वाले गुर्जर समाज को भी 1 प्रतिशत की हिस्सेदारी देने की बात सामने आई है। संयुक्त सफाई श्रमिक संघ अध्यक्ष नंदकिशोर डंडोरिया ने बताया कि वार्ता के मुताबिक सरकार द्वारा आगामी भर्ती में सबसे ज्यादा तवज्जो वाल्मीकि व एससी वर्ग दी जाएगी। पहले ग्रेटर निगम में 3670 पदों पर और हेरिटेज निगम में 108 पदों पर सफाईकर्मी भर्ती होते, लेकिन अब ग्रेटर निगम में करीब 6800 और हेरिटेज निगम में 5600 कर्मचारी भर्ती किए जाएंगे। यह पहला मौका होगा, जब इतनी बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी लिए जा रहे हैं।

साक्षात्कार में मिले अंकों के आधार पर होगा सलेक्शन
वर्ष 2012 में राज्य सरकार के निर्देश पर सफाई कार्य का संपूर्ण अनुभव रखने वाले आवेदकों का ही चयन किया जाना है। अब जो भर्ती होगी, उसमें मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक का अनुभव प्रमाणपत्र लगाना जरूरी है। इसके अलावा चयनित कर्मचारियों का साक्षात्कार भी होगा, जिसके अंक निर्धारित किए जाएंगे। भर्ती के लिए वे सभी अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष है।

इससे कम के अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पाएंगे। आयु की गणना 1 जनवरी 2024 के अनुसार की जाएगी। हालांकि, आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में राज्य सरकार के नियमों के मुताबिक छूट दी जाएगी। साथ ही अभ्यर्थी काे राजस्थानी भाषा भी आनी चाहिए। इसके अलावा अभ्यर्थी के पास किसी भी मान्यता प्राप्त अधिकारी द्वारा दिया 1 वर्ष के अनुभव का सर्टिफिकेट होना चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 7वें वेतनमान के हिसाब से सैलरी दी जाएगी। यानी मासिक वेतन कम से कम 20 हजार रुपए महीना के करीब होगा।