जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

1 अप्रैल यानी नए फाइनेंशियल ईयर की शुरुआत। और, इसी के साथ आपके जीवन में बहुत कुछ बदलने वाला है। कल से कई सुविधाओं के लिए ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ेगा तो फ्री बिजली से लेकर किराया तक में आपको छूट मिलने वाली है।

कल से गैस सिलेंडर सस्ता मिलेगा, बिजली के बिल अब किसान और आम उपभोक्ताओं दोनों को थोड़े राहत देने वाले हैं। इसके साथ ही सरकार की कई योजनाएं भी कल से लागू हो जाएगी।

तो पढ़िए कल से यानी 1 अप्रैल से क्या-क्या बदलने वाला है...

11 लाख किसानों को फ्री बिजली
प्रदेश के 11 लाख किसानों को 2000 यूनिट महीने तक फ्री बिजली मिलनी शुरू हो जाएगी। किसान को रोज 66 यूनिट तक बिजली फ्री मिलेगी। फ्री बिजली का फायदा कृषि कनेक्शन पर मिलेगा। इसी तरह आम बिजली उपभोक्ताओं को 100 यूनिट महीने तक फ्री बिजली मिलेगी।

सीएम अशोक गहलोत ने इस साल के बजट में किसानों को 2000 यूनिट हर महीने तक किसानों और आम उपभोक्ताओं को फ्री देने की घोषणा की थी।

500 रुपए में गैस सिलेंडर
उज्ज्वला योजना वाले परिवारों को कल से 500 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा। हर महीने री-फिलिंग के केवल 500 रुपए देने होंगे बाकी पैसा राज्य सरकार भरेगी। सीएम ने राहुल गांधी की यात्रा में मालाखेड़ा की सभा में इसकी घोषणा की थी। इसके बाद बजट में इसकी घोषणा की थी। इसे एक अप्रैल से लागू किया जाएगा।

रोडवेज बसों में महिलाओं का आधा किराया
कल से राजस्थान में रोडवेज की बसों में आधा किराया ही देना पड़ेगा। महिलाओं को रोडवेज किराए में छूट 30 से बढ़ाकर 50 फीसदी करने की बजट घोषणा आज रात 12 बजे बाद से ही लागू हो जाएगी। राजस्थान की सीमा में रोडवेज की बसों में यह छूट मिलेगी। यह छूट रोडवेज की लोकल और एक्सप्रेस बसों में मिलेगी, लेकिन वॉल्वो-स्केनिया बसों में ये सुविधा नहीं मिलेगी।

चिरंजीवी योजना में कल से 25 लाख तक इलाज
चिरंजीवी योजना में 1 अप्रैल से 25 लाख तक का इलाज करवा सकेंगे। अब तक 10 लाख रुपए तक का इलाज करवा सकते थे। 1 अप्रैल से इसकी लिमिट 25 लाख तक हो जाएगी। चिरंजीवी योजना में शामिल परिवारों का एक्सीडेंट बीमा भी कल से 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख हो जाएगा।

कल से 1000 रुपए मिनिमम पेंशन होगी
प्रदेश में 1 अप्रैल से सामाजिक सुरक्षा पेंशन कम से कम 1000 रुपए मिलेगी। कल से पेंशन बढ़ जाएगी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन 15 फीसदी अपने आप बढ़ेगी।

दलित से इंटर कास्ट मैरिज पर अब 10 लाख
दलित से इंटर कास्ट मैरिज करने पर अब सरकार से मिलने वाला प्रोत्साहन पैकेज 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपए हो जाएगा। दिव्यांग से शादी करने पर भी अब 5 लाख रुपए का प्रोत्साहन पैकेज मिलेगा।

पालनहार योजना वाले 6.50 लाख अनाथ बच्चों को अब 1500 रुपए मिलेंगे
पालनहार योजना में शामिल 6.50 लाख अनाथ बच्चों को एक अप्रैल से हर महीने बढ़ा हुआ पैसा मिलेगा। 6 साल तक के बच्चों को हर महीने मिलने वाला पैसा 500 से बढ़ाकर 750 रुपए होगा। 7 साल से 18 साल के बच्चों को 1000 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए हर महीने मिलेंगे। यह बढ़ा हुआ पैसा 1 अप्रैल से लागू होगा।

पार्ट टाइम कर्मचारियों को रिटायरमेंट पर 3 लाख तक मिलेंगे
सरकार में पार्ट टाइम काम कर रहे कर्मचारियों के रिटायर होने पर अब 2 से 3 लाख रुपए का रिटायरमेंट पैकेज मिलेगा। इसमें होमगार्ड, सरकार में ठेके के रेक्सको कर्मचारी और पार्ट टाइम वाले दो लाख से ज्यादा कर्मचारियों को इसका फायदा मिलेगा। अब तक पार्ट टाइम कर्मचारियों को रिटायरमेंट पर सरकार कुछ नहीं देती थी।

शहरी निकाय और पंचायतीराज कर्मचारियों के भत्ते 15 फीसदी बढ़ेंगे
प्रदेश भर में एक अप्रैल से शहरी निकायों और पंचायती राज कर्मचारियों के भत्तों और मानदेय में 15 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। इन्हें अब बढ़ा हुआ भत्ता मिलेगा। पार्षद, नगरपालिका अध्यक्ष, सभापति, मेयर, वार्ड पंच, सरपंच, पंचायत समिति मेंबर, जिला परिषद मेंबर, प्रधान और जिला प्रमुखों के भत्ते और मानदेय 1 अप्रैल से 15 फीसदी बढ़ जाएंगे।

डीजल वाहनों का रजिस्ट्रेशन सस्ता होगा
डीजल वाहनों पर वन टाइम टैक्स 2 फीसदी कम होगा। अब तक डीजल के फोर व्हीलर वाहनों पर रजिस्ट्रेशन के वक्त दो फीसदी वन टाइम टैक्स लगता था। अब डीजल-पेट्रोल वाहनों पर बराबर वन टाइम टैक्स लगेगा।