अलवर ब्यूरो रिपोर्ट। 

सरिस्का टाइगर रिजर्व से अच्छी खबर है। फरवरी महीने के आखिरी दिन सरिस्का में टाइग्रेस ST-14 दो शावकों के साथ कैमरा ट्रैप में नजर आई है। अब सरिस्का में टाइगर की संख्या बढ़कर 27 हो गई है। कैमरा ट्रैप 27 फरवरी के हैं। जिसके बाद सरिस्का प्रशासन ने टाइग्रेस व शावकों की मॉनिटरिंग बढ़ा दी है। इससे पहले नवंबर 2020 में इसी टाइग्रेस ने 3 शावकाें को जन्म दिया था। सरिस्का के मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र निदेशक आरएन मीणा ने बताया कि सरिस्का में अकबरपुर रेंज के डाबली-सुकोला वन क्षेत्र में ये शावक नजर आए हैं।

जिनकी उम्र करीब 2 माह है। प्रथम रूप से शावक व टाइग्रेस दोनों का मूवमेंट सामान्य है। खास बात यह है कि यह टाइग्रेस अब तक 7 शावकों को जन्म दे चुकी। सबसे पहले 2018 में 2 शावक, 2020 में तीन और 2023 में अब दो शावक जन्मे हैं।

गांव विस्थापन का लाभ मिल रहा

वन अधिकारियों के अनुसार सरिस्का के अंदर से गांवों का विस्थापन करने से वन्यजीवों को लाभ मिला है। डाबली पूरी तरह से विस्थापति हो चुका है। वहीं सुकोला आधा विस्थापित हुआ है। इसी कारण बाघिन एसटी 14 ने पुन: दो शावकों को जन्म देकर सुरक्षित टेरेटरी निर्धारित कर साबित की है। पहले नवंबर 2020 में तीन शावकों को जन्म दिया था। जो पूर्ण रूप से वयस्क हो चुके हैं।

अब कुल 27 टाइगर

सरिस्का में अब कुल 27 टाइगर हो गए हैं। यह वनप्रेेमियों के लिए बेहद खुशखबर है। टूरिस्ट को टाइगर की साइटिंग भी अधिक होने लगेगी। कई महीने पहले रणथम्भौर से एक टाइगर लाया गया था। इससे पहले दो टाइगर लापता हो चुके हैंं। लेकिन अब नए शावकों के आने से सरिस्का में रौनक आएगी। DFO डीपी जागावत ने बताया कि सरिस्का में टाइगर की संख्या 27 है। इसमें 13 फीमेल टाइगर ST 7, ST 8, ST 2, ST 7, ST9, ST 10, ST12, ST17, ST14, ST19, ST 22 हैं। 8 मेल टाइगर ST15, ST20, ST21, ST18, ST23, ST24, ST25 हैं। इनमें टाइगर 113 भी अब जुड़ जाएगा। इस समय ST17 के 2, ST19 के 2 शावक हैं। अब दो नए शावक आ गए हैं।