उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

सीनियर टीचर भर्ती पेपर लीक मामले में मास्टर माइंड भूपेंद्र सारण को भगाने में मदद करने वाले राजीव उपाध्याय को पुलिस ने अरेस्ट किया है। सारण को पेपर देने वाले टीचर शेरसिंह की तलाश जारी है। पुलिस ने सोमवार को सारण और उसके सहयोगी को कोर्ट में पेश किया। जहां से भूपेंद्र को 9 और उपाध्याय को 4 दिन के रिमांड पर सौंप दिया। मामले के जांच अधिकारी उदयपुर अभय कमांड सेंटर के ASP महेंद्र पारीक ने बताया कि सारण से मिली जानकारी के आधार पर उसके साथी उपाध्याय को जयपुर से पकड़ा है। साथ ही उसके अन्य सहयोगियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।

शेरसिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 से ज्यादा टीमें बनाई हैं। जो अलग-अलग ठिकानों पर भेजी गई है। इसके बाद ही पेपर लीक का मुख्य खुलासा हो पाएगा। 40 लाख रुपए में भूपेंद्र सारण के शेरसिंह से पेपर खरीदने की बात सामने आई थी। भूपेंद्र सारण ने फिलहाल और कोई नई जानकारी नहीं दी है।

पेपर देने वाली की तलाश

पुलिस के अनुसार, शेरसिंह आबू रोड के सरकारी स्कूल में हेड मास्टर के पद पर तैनात है। वह पिंडवाड़ा में रहता है। उसके जल्द ही गिरफ्त में आने की उम्मीद है। बता दें कि मास्टर माइंड भूपेंद्र को एसओजी, एटीएस और उदयपुर डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम ने गुरुवार को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था।

अब तक 58 गिरफ्तार, 54 को जमानत

गत 24 दिसंबर को हेमा गुड़ा (सांचोर) निवासी सरकारी स्कूल के हेड मास्टर सुरेश कुमार पुत्र जगदीश विश्नोई काे शिक्षक भर्ती परीक्षा में जीके का लीक पेपर बस में अभ्यर्थियों को हल करवाते उदयपुर जिले के बेकरिया क्षेत्र में गिरफ्तार किया था। पेपर लीक और सॉल्व करने में 58 आरोपियों की गिरफ्तारी बताई गई थी। इनमें अभ्यर्थी और बस चालक भी शामिल थे। सुरेश विश्नोई अभी भी जेल में है। अब तक 54 आरोपियों को जमानत मिल चुकी है। हालांकि इनकी जमानत रद्द करने के लिए पुलिस ने राजस्थान हाईकोर्ट में प्रार्थना पत्र पेश कर रखा है। इस पर सभी आरोपियों को नोटिस भी जारी किया गया था।

कौन है भूपेंद्र सारण?

भूपेंद्र सारण साल 2011 में जीएनएम भर्ती पेपर आउट प्रकरण और साल 2022 में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में भी शामिल था। वह जेल भी जा चुका है। पुलिस ने भूपेंद्र सारण की गर्लफ्रेंड और पत्नी को भी गिरफ्तार किया था। भूपेंद्र सारण का अजमेर रोड स्थित रजनी विहार में आलीशान घर था। जेडीए ने कार्रवाई करते हुए घर के अवैध निर्माण को ढहाया था।

3 घंटे में 5 मंजिला बिल्डिंग जमींदोज की गई थी

भूपेंद्र सारण और सुरेश ढाका के जयपुर के गुर्जर की थड़ी स्थित अधिगम कोचिंग इंस्टीट्यूट पर जेडीए ने एक्शन लिया था। जेडीए ने कोचिंग की बिल्डिंग पर बुलडोजर चलाया था। करीब 3 घंटे में 5 मंजिला बिल्डिंग को गिरा दिया गया था। यह इंस्टीट्यूट कॉर्नर के प्लॉट पर था और सर्विस रोड की जगह पर कब्जा करके बनाया गया था। 10 जनवरी को अजमेर रोड स्थित रजनी विहार में भूपेंद्र सारण के घर पर भी जेडीए ने नोटिस जारी किया था। 12 जनवरी तक नोटिस का जवाब देना था। इसके बाद 13 जनवरी को मकान ढहा दिया गया था।