बीकानेर ब्यूरो रिपोर्ट।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को बीकानेर पहुंचे। इस दौरान सीएम ने राजीव गांधी खेल प्रतियोगिता को हैप्पीनेस इंडेक्स का बेहतर जरिया करार दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि इसे राजनीतिक नजरिए से नहीं देखना चाहिए, क्योंकि इसका आयोजन आपसी भेदभाव व तनाव को खत्म करने के मकसद से किया जाता है। आज इस प्रतियोगिता में लाखों की तादाद में खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे में यह हमारे लिए निश्चित रूप से खुशी का मौका है। इस दौरान गहलोत ने पीएम मोदी के राजस्थान दौरे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे जानते हैं कि अशोक गहलोत कितना साधारण व सामान्य इंसान है। बावजूद इसके जो चीजें चल रही हैं, उसे मैं बखूबी समझ रहा हूं। मोदी जी पीएम हैं, उनकी बातें लोग अधिक सुनेंगे। ऐसे में उन्हें आबूरोड से नफरत खत्म करने का आह्वान करना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया। गहलोत ने कहा कि वो चाहते हैं कि प्रदेश के युवाओं और खिलाड़ी उन्हें सुझाव भेजे। वो निश्चित रूप से उनके सुझावों पर गौर करेंगे, ताकि युवाओं और खिलाड़ियों के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा सके। सीएम ने कहा कि राजस्थान में जिस तरह से हर पांच साल पर सियासी परिवर्तन देखने को मिलता है। ऐसे में कई बार कल्याणकारी कार्य होते-होते रुक जाते हैं। ऐसे में मैं राजस्थान की जनता से अपील करता हूं कि वे एक बार फिर से हमें मौका दें। आगे उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में कर्मचारियों की हड़ताल और उनसे संवाद नहीं होने की बात को भी स्वीकार किया। साथ ही कहा कि मेरा उस समय पहला कार्यकाल था और हमारा संवाद कर्मचारियों के साथ नहीं हो सका था। जिसके कारण हमारी सरकार चली गई थी।मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर हो रही चुनाव प्रक्रिया पर कहा कि आज भी कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र है। गहलोत ने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए  कहा कि बीजेपी में राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा कब और कैसे अध्यक्ष बन गए, इसकी किसी को कोई जानकारी ही नहीं है। लेकिन कांग्रेस में लोकतांत्रिक तरीके से अध्यक्ष का चुनाव हो रहा है। गहलोत ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर कहा कि देशभर में कांग्रेस को जबर्दस्त समर्थन मिल रहा है। केरल और तमिलनाडु के बाद कर्नाटक में जिस तरह से लाखों की तादाद में लोग इकट्ठा हुए, उसे देखकर यह साबित हो गया है कि अब देश की जनता कांग्रेस के साथ है।