जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों और सिद्धांतों को हमें अपने जीवन में उतारना चाहिए। आज देश में जो हिंसात्मक घटनाएं हो रही है इन्हें रोकने के लिए गांधी द्वारा दिखाए गए शांति और अहिंसा के रास्ते पर चलना होगा। आज देश में गांधी के सिद्धांतों के अनुसरण से ही लोकतंत्र कायम है। गांधी द्वारा मानवाधिकारों की रक्षा के लिए शांति का मार्ग अपनाने का संदेश दिया गया है। इन्हीं उद्देश्यों को लेकर राज्य सरकार द्वारा शांति एवं अहिंसा विभाग का गठन भी किया गया है। गहलोत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, उनका संघर्ष और त्याग भरा जीवन हमें अभावों में भी शिखर पर पहुंचने की सीख देता है। युवा पीढ़ी उनके विचारों को अपनाकर आगे बढ़े। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन आदर्शों पर चलकर युवा पीढ़ी देश और प्रदेश की प्रगति में अहम भूमिका निभाएं।