सिरोही ब्यूरो रिपोर्ट।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित इंदिरा रसोई योजना से आमजन को मात्र 8 रूपए में पौष्टिक और भरपेट भोजन मिल रहा है। प्रदेशभर में इंदिरा रसोई के संचालकों व कर्मचारियों द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है।मुख्यमंत्री सिरोही जिले में आबू रोड़ स्थित इंदिरा रसोई पहुंचे। उन्होंने रसोई में व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर भोजन ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने भोजन के लिए 8 रूपए का भुगतान कर पर्ची भी प्राप्त की। 
इस दौरान मुख्यमंत्री ने रसोई का संचालन कर रही कर्म शक्ति स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने इंदिरा रसोई के सफलतापूर्वक संचालन के लिए जोधपुर संभाग में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर कर्म शक्ति स्वयं सहायता समूह की प्रशंसा की। इंदिरा रसोई में कार्यरत महिलाओं द्वारा बताया गया कि रसोई के संचालन से 20 परिवारों को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने इंदिरा रसोई में कार्यरत महिलाओं के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि आमजन को आत्मीयता के साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसने का कार्य आगे भी जारी रहना चाहिए।इस अवसर पर मुख्यमंत्री सलाहकार संयम लोढ़ा, राज्यसभा सांसद नीरज डांगी, सिरोही कलेक्टर डॉ. भंवर लाल के साथ इंदिरा रसोई के कर्मचारी व भोजन ग्रहण करने आए आमजन उपस्थित थे।