जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर के सांगानेर सदर थाना इलाके में शनिवार को बाइक सवार एक सिरफिरे मनचले युवक ने दो अलग-अलग जगहों पर दो छात्राओं पर केमिकल फेंक दिया। दोनों छात्राओं को इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई। वहीं पुलिस को आरोपी युवक का एक फुटेज मिला है। जिसमें आरोपी बाइक पर तेजी से भागता हुआ दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी को आईडेंटिफाई करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार युवक ने सांवलिया रोड और वाटिका रोड पर छात्राओं पर केमिकल फेंका है। जिनमें से एक 22 वर्षीय आकांक्षा है। जो खुद पढ़ने के साथ ही कोचिंग में छात्रों को पढ़ाती है। शनिवार को कोचिंग से वापस लौटते समय से उसपर केमिकल फेंका गया। इसके चलते आकांक्षा की पीठ झुलस गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। वहीं वारदात स्थल से 1 किलोमीटर की दूरी पर युवक ने दूसरी छात्रा फोरन्ता पर केमिकल फेंका। इसके चलते उसका हाथ झुलस गया। उसे भी इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में केमिकल अटैक के दो केस आने पर पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर दोनों छात्राओं से जानकारी जुटाई। जहां पता चला कि दोनों छात्राएं एक दूसरे को नहीं जानती हैं, न ही आरोपी युवक को पहचानती हैं। पुलिस ने दोनों छात्राओं के पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी युवक को चिन्हित करने का प्रयास किए जा रहे हैं।