बारां-हंसपाल यादव।
बारां जिले में 3 दिन से बारिश का दौर जारी है। बारिश की वजह से तेल फैक्ट्री क्षेत्र के राजीव गांधी नगर में एक टीनशेड मकान की दीवार गिर गई। दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई और 3 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कलेक्टर नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि राजीव गांधी नगर स्थित एक मकान में सहरिया परिवार घर के अंदर सो रहा था। उसी दौरान अचानक से टीन शेड वाले मकान का पिछले हिस्से की दीवार गिर गई। दीवार गिरने से घर के अंदर सो रहे काशीराम सहरिया (50), उसकी पत्नी सुगना बाई(45), बेटी लीला कुमारी(20), गोलू (25) घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग और पार्षद रामराज सुमन मौके पर पहुंच गए। लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहीं महिला की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद महिला सुगना बाई को कोटा रेफर कर दिया। इस दौरान रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर कलेक्टर नरेंद्र गुप्ता, एसपी कल्याणमल मीना, एसडीएम दिवांशु शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीडि़त परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने जल्द ही सरकार के राहत कोष से मुआवजा दिलवाने का आश्वाशन दिया।