जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
सचिन पायलट और मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास की मुलाकात कांग्रेस की राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई है । दशहरे के मौके पर शस्त्र पूजा के बाद खाचरियावास ने अपने सरकारी निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राजस्थान की राजनीति का वातावरण हॉट है और अब मैं क्या बताऊं, सब बातें बताने की होती हैं क्या ? सब बातें कभी नहीं बताईं जाती हैं। अब मैं भी समझने लगा हूँ। कुछ बातें अंदर भी रहनी चाहिए। वो ठीक रहता है।उन्होंने कहा कि सचिन पायलट हमारी पार्टी के युवा नेता है।  उन्होंने 2 दिन पहले मेरे निवास पर मुझसे बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि बातचीत का पूरा विवरण मैं मीडिया के समक्ष नहीं रख सकता हूं कुछ गोपनीयता है वह गोपनीय  में ही रहना चाहिए।खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है एक स्टेट में एक नहीं 10 नेता होने चाहिए। क्योंकि राहुल गांधी चाहते हैं पूरे देश के हर स्टेट में कांग्रेस के पास 10-10, 20-20 नेता हों। सब फेस मिलकर जबरदस्त वोट लेकर आए और कांग्रेस जीते। नेताओं की फौज जितनी ज्यादा होगी उतना फायदा होगा।खाचरियावास ने कहा कि सीएम गहलोत कांग्रेस विधायक दल के नेता हैं उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था। अब इसके बाद क्या होगा, क्या नहीं होगा ये बात हम कांग्रेस परिवार में बैठकर करेंगे। ये बातें अब पीछे छूट गई हैं।  वर्ष 2023 में कैसे कांग्रेस सरकार बनाएगी। इसके लिए पूरे परिवार को एक होकर बैठकर और फैसला करके तय करने की जरूरत है। वो हम तय कर लेंगे।  वर्ष 2023 में  भाजपा को जगह नहीं देंगे।खाचरियावास ने कहा कि भाजपा  के लोग कहते हैं कि राजस्थान में मध्यावधि चुनाव हो सकते हैं। उन्हें अपना घर सम्भालना चाहिए। भाजपा गलतफहमी में हैं। कांग्रेस की सरकार को कोई खतरा नहीं है। भाजपा  के लोग कितना भी जोर लगा लें। कुछ भी कर लें। भाजपा  के सपने पूरे नहीं होंगे। ना तो उन्हें वर्ष 2023 में जीतने देंगे, ना अभी कुछ करने देंगे।खाचरियावास ने कहा कि कुर्सी को लेकर झगड़ा तो सदियों और आदिकाल से होता आया है। इस तरह की प्रतिस्पर्धा कांग्रेस में हो सकती है। लेकिन कांग्रेस का काम बोलता है। कांग्रेस परिवार के मुखिया ने जब एक बार कह दिया और सीएम गहलोत ने आगे आकर बयान दे दिया। उसके बाद  राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल का बयान आ गया। जिसके बाद अनुशासन में रहकर कांग्रेस के किसी भी नेता ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाए। इस वक्त कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव चल रहा है। राजस्थान को लेकर पूरे देश में चर्चा है। चर्चा का कारण है राजस्थान में हमारी सरकार है। जब सरकार होती है तो परिवार में होड़ भी होती है। जितनी नेता बनने की होड़ लगेगी, उतनी कांग्रेस मजबूत होगी।भाजपा को कांग्रेस सरकार गिरने की बात दिमाग से निकाल लेनी चाहिए। क्योंकि कांग्रेस की चर्चा है और कांग्रेस की बात हो रही है। कांग्रेस ही काम करती है। भाजपा तो कुछ करती नहीं है। भाजपा ने जो कहा वो कभी नहीं किया, कांग्रेस ने जो कहा- वो सब करके दिखाया है।