जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राज्य जीव जन्तु कल्याण बोर्ड, राजस्थान के जयपुर स्थित कार्यालय का शुक्रवार को राज्य जीव-जन्तु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष के.सी बिश्नोई ने लोकार्पण किया। लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता पशुपालन, गोपालन एवं मत्स्य विभाग के शासन सचिव पी.सी. किशन ने की। राज्य सरकार द्वारा इस बोर्ड की महत्ता को ध्यान में रखते हुए इसका पुर्नगठन किया गया है। बोर्ड के सदस्य सचिव, निदेशक पशुपालन विभाग हैं तथा पशुपालन विभाग, वन विभाग, शिक्षा एवं स्थानीय निकाय विभाग, राज्य जीव जन्तु कल्याण बोर्ड राजस्थान के सदस्य हैं।
जीव-जंतुओं की सुरक्षा व मानवता की भावना जाग्रत करना बोर्ड का मुख्य उद्देश्य।
उल्लेखनीय है कि राज्य जीव जन्तु कल्याण बोर्ड के मुख्य कार्य राज्य में जीव-जन्तुओं को अनावश्यक पीड़ा, यातना देने के विरूद्ध लोकमत बनाने, जीव जन्तु कल्याण के अभिवर्धन को प्रोत्साहित करना, जीव-जन्तु कल्याण संगठन बनाने को प्रोत्साहित करना, और जीव-जन्तु और पक्षियों की सुरक्षा के लिए स्थापित संस्थाओं या निकायों के कार्य में सहयोग और समन्वय करना है। सभी व्यक्तियों में विशेष तौर पर युवा विद्यार्थियों में जीव- जन्तुओं के प्रति प्रेम और मानवता की भावना जागृत करने के लिए सभी संभव उपाय करना, केन्द्रीय जीव जन्तु कल्याण बोर्ड के सान्निध्य में कार्य करना और जीव-जन्तु कल्याण से संबंधित विधियों में परिवर्तनों के लिए सरकार को सिफारिशें करना भी बोर्ड के मुख्य कार्य हैं। साथ ही जिला स्तर पर जिला कलक्टर की अध्यक्षता में पशु क्रूरता निवारण समिति गठित की गई है जिनके माध्यम से पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण की गतिविधियों का आयोजन किया जाता है एवं पशु क्रूरता निवारण से सम्बन्धित नियमों व अधिनियमों की पालना के साथ-साथ आमजन को इसके प्रति जागरूक किया जाता है।  इस अवसर पर राज्य जीव जन्तु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष के.सी. बिश्नोई ने आमजन से पशुओं के प्रति दया भावना रखने, पशु कल्याण से सम्बन्धित गतिविधियां संचालित करने तथा नियमों एवं अधिनियमों की अनुपालना करने का आग्रह किया। लोकापर्ण कार्यक्रम में डॉ. अशोक धारणिया, सदस्य, राज्य जीव-जन्तु कल्याण बोर्ड एवं सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति रही।