करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
पारंम्पारिक खेलों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को जिला स्तर पर खेलने के लिये एवं उन्हे आगे बढ़ने के अवसर हेतु जिला स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल प्रतियोगिता 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले खेलों का शुभारंभ प्रातः 9 बजे मुंशी त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम करौली में किया जायेगा। जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने जिला स्तर पर प्रारंभ होने वाले खेलों की तैयारियों का जायजा लिया एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किये।
खेल अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली टीमों एवं खिलाडियो के रहने की व्यवस्थाऐं सुनिश्चित कर दी गई है। खेलों के लिये मैदान को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है।खिलाडियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नही हो इसके लिये भी जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिये है।निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर परसराम मीना, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी महावीर प्रसाद नायक भी उपस्थित रहे। जिला खेल अधिकारी कन्हैया लाल शर्मा ने की गई तैयारियों के बारे मे जिला कलेक्टर को अवगत कराया।उन्होने बताया कि राजीव गांधी ग्रामीण जिला स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन हेतु दो स्थानों का चयन किया गया है शहर के मुंशी त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम एवं खेल संकुल मैदान पर आयोजन किया जायेगा।गुरूवार को आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में कबड्डी पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए 2 मैदानों पर पहली बार शहर में मेट पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा।प्रतियोगिता मे शूटिंग बाल  पुरुष वर्ग 1 मैदान वॉलीबॉल पुरुष और महिला वर्ग 2 मैदान टेनिस बाल क्रिकेट पुरुष और महिला वर्ग 2 मैदान ,खो.खो महिला वर्ग के लिए 1 मैदान पर मुंशी त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम में प्रतियोगिता होगी एवं हॉकी महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता हेतु राजीव गांधी खेल संकुल पर आयोजित होगी।  6 खेलों की  प्रतियोगिताओं में 8 ब्लॉकों की 38 पुरुष वर्ग एवं 30 महिला वर्ग की कुल 68 टीम के लगभग 710 प्रतियोगी भाग लेंगे। मुख्य कार्यकारी अधिकारी महावीर प्रसाद नायक प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी  होंगे।