जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान में मचे सियासी संग्राम के बीच सीएम अशोक गहलोत देर रात दिल्ली पहुंच गए। दिल्ली पहुंचने के बाद सीएम अशोक गहलोत ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि गुरूवार को कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी से मिलूंगा उसके बाद बात करूंगा। उन्होंने राजस्थान के राजनीतिक संकट को लेकर कहा कि यह घर की बातें हैं और आंतरिक राजनीति में चलता रहा है।उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी महंगाई, बेरोज़गारी, तानाशाही को लेकर निकले हैं। किसी को नहीं पता देश किस दिशा में जा रहा है। माना जा रहा है कि सोनिया गांधी से मुलाकात के दौरान सीएम गहलोत राज्य के राजनीतिक हालात की जानकारी देंगे। साथ ही इस मुलाकात के बाद यह तय होगा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल करेंगे या नहीं। गहलोत के दिल्ली पहुंचने के साथ ही अब यह बात भी तय हो चुकी है कि दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात कर अशोक गहलोत राजस्थान में विधायकों की सचिन पायलट को लेकर नाराजगी को भी सोनिया गांधी के सामने रखेंगे।