जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रदेश भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित केंद्रीय नेताओं के जोधपुर दौरे की तैयारियां को लेकर 4 सितंबर को प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की अलग-अलग बैठकें होंगी। जयपुर में होने वाली इन बैठकों में 8-10 सितंबर तक जोधपुर में होने वाली अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक और जोधपुर संभाग के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की तैयारी के साथ आगामी कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं और मुद्दों पर बातचीत होगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक 4 सितंबर को दोपहर 3 बजे भाजपा प्रदेश पदाधिकारी बैठक और शाम 6 बजे कोर कमेटी की बैठक होगी। इसमें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, केंद्रीय चुनाव समिति सदस्य ओम प्रकाश माथुर, प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर शर्मा, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, केंद्रीय जल शक्तिमंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल, केंद्रीय किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी, सांसद राजेंद्र गहलोत, कनकमल कटारा, सीपी जोशी, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री और केंद्रीय चुनाव समिति सदस्य और केंद्रीय श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव, प्रदेश सह-प्रभारी भारती बेन सियाल, राष्ट्रीय सचिव अल्का सिंह गुर्जर शामिल होंगे।6 सितंबर को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ.सतीश पूनिया, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी पोकरण से रामदेवरा तक 13 किलोमीटर की पदयात्रा कर आम सभा करेंगे। जोधपुर संभाग के ओबीसी और किसान नेताओं को साधने के साथ ही संभाग के जिलों में पार्टी का चुनावी माहौल भी तैयार किया जाएगा। ओबीसी मोर्चा राष्ट्रीय कार्यसमिति के उद्घाटन समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 8 सितंबर को जोधपुर आ सकते हैं। उनका दौरा प्रस्तावित है। इसके अलावा प्रदेश के कई संभागों में नड्डा के आगामी प्रोग्राम शेड्यूल किए जा रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का संबोधन 10 सितंबर को समापन समारोह में तय है। वह भाजपा के जोधपुर संभाग के 6 जिलों- जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर जालोर, पाली, सिरोही के करीब 20 हजार बूथ अध्यक्ष और बूथ समिति सदस्यों को भी संबोधित करेंगे। इसलिए 6 सितंबर से ही बीजेपी नेताओं के जोधपुर संभाग में तैयारियों को लेकर दौरे शुरू हो जाएंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. पूनिया ने कहा कि ओबीसी मोर्चे की राष्ट्रीय कार्यसमिति राजस्थान के जोधपुर में हो रही है। सातों संभागों में गतिविधियां हो रही हैं। जेपी नड्डा भी प्रदेश के दूसरे हिस्सों का दौरा करेंगे। ओबीसी मोर्चा कार्यसमिति के उद्घाटन और समापन पर तो नेता मौजूद रहेंगे ही, साथ ही संभाग के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में गृहमंत्री अमित शाह का समय मिला है। बूथ सशक्तिकरण अभियान को इससे ताकत मिलेगी। संगठनात्मक और राजनीतिक तौर पर 2023 के मिशन के लिए भाजपा मजबूत होगी।'