दौसा ब्यूरो रिपोर्ट।
दौसा जिले के लालसोट कस्बे मे डॉ. अर्चना शर्मा आत्महत्या मामले मे पुलिस ने गुरूवार को भाजपा नेता जितेंद्र गोठवाल को गिरफ्तार कर लिया। गोठवाल प्रसूता की मौत के बाद धरने में पहुंचे थे। गिरफ्तारी पर गोठवाल बोले कि प्रियंका गांधी को रेल टिकट भेजा था, इसका पनिशमेंट मिल रहा है। सुसाइड मामले में पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए है। दरअसल प्रसूता आशा बैरवा की मौत के मामले में पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन को दरकिनार किया था। डॉक्टर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। जबकि प्रसूता के पति लालूराम का कहना है कि उसने तो रिपोर्ट न लिखी और न पढ़ी।उधर भाजपा नेता व पूर्व संसदीय सचिव जितेंद्र गोठवाल पर आरोप है कि उन्होंने मृतक प्रसूता के परिजनों को आंदोलन के लिए उकसाया। डॉक्टर सुसाइड प्रकरण में पुलिस ने भाजपा नेता समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जितेंद्र गोठवाल भाजपा के प्रदेश मंत्री तथा पूर्व संसदीय सचिव हैं। उन्होंने कहा कि मेरे आने से पहले धारा 302 में मुकदमा दर्ज हो चुका था। मैंने प्रियंका गांधी को रेल का टिकट भेजा था, मुझे इसकी सजा दी गई है। मैं दलित पीड़ित समाज के लिए लड़ता रहूंगा। डॉ. अर्चना की मृत्यु दुखद है। जो भी दोषी लोग हैं उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। ये सिर्फ और सिर्फ प्रियंका गांधी को टिकट भेजने का पनिशमेंट है। भीड़ को उकसाने के सवाल पर गोठवाल ने कहा कि यदि ऐसा कोई वीडियो पुलिस के पास हो तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। सिर्फ और सिर्फ सरकार के इशारे पर पुलिस ने षड्यंत्र बनाया है। अशोक गहलोत ने प्रियंका गांधी से वाहवाही लूटने के लिए मुझे लपेटा है। दौसा के एएसपी डॉ. लालचंद ने बताया कि डॉक्टर अर्चना सुसाइड केस में जितेन्द्र गोठवाल को गिरफ्तार कर लिया है।