किशनगढ़ ब्यूरो रिपोर्ट।
किशनगढ़ की डॉ. प्रभा पारीक को रानी लक्ष्मी कुमारी चूड़ावत लोकजन लेखन राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है। महाराणा भूपाल सिंह की 138वीं जयंती के अवसर पर लोकजन सेवा संस्थान, उदयपुर के द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में किशनगढ़ के स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय गणपत लाल पारीक की पुत्रवधू एवं किशनगढ़ का इतिहास पुस्तक के लेखक डॉ. अविनाश पारीक की धर्मपत्नी डॉ. प्रभा पारीक को शिक्षा, शोध, साहित्य एवं सामाजिक क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार रानी लक्ष्मी कुमारी चूड़ावत लोकजन लेखन सम्मान वर्ष 2022 से नवाजा गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लिमड़ी राजघराने के सरकार शिवराज सिंह एवं सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल एन.के. सिंह द्वारा डॉ. प्रभा पारीक को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में 1008 महंत वैष्णव दास महाराज, जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ मानित विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.कर्नल एस. एस. सारंगदेवोत, नागोद (सतना) के राजकुमार अरुणोदय सिंह, नडाल (केरल) के राजकुमार सी. जी. गोडवीन, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी प्रकाश सिंह राठौड़, लोक जन सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रोफेसर विमल शर्मा, डॉ जी. एल. मेनारिया एवं महासचिव जय किशन चौबे आदि गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।डॉ. पारीक वर्तमान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेलूसर बीकान, सरदारशहर में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं। वे ऑल इंडिया पारीक महासभा की महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय हैं।