जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शहीद दिवस के मौके पर विश्व के गांधी विषयक संगोष्ठी को वीसी के जरिए संबोधित किया। इस दौरान गहलोत ने झुंझुनूं जिला कलेक्टर परिसर में स्थापित महात्मा गांधी की मूर्ति का अनावरण भी किया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सीएम गहलोत ने कहा कि देश में हिंसा और तनाव का माहौल है। लेकिन गांधीजी के मार्ग पर चलकर शांति सद्भाव और भाईचारा से रह सकते हैं, जहां शांति होगी वहां ही विकास हो सकता है। सीएम गहलोत ने कहा जहां हिंसा होती है वहां विकास ठप हो जाता है। कोरोना के इस कालखंड में अमीरी और गरीबी की बीच की खाई काफी बढ़ गई है। मुख्यमंत्री ने कहा गांधीजी का इतना विराट व्यक्तित्व था कि नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर जैसे लोगों ने भी गांधीजी के अहिंसा के संदेश को माना और अलग-अलग देशों में लोग इस मार्ग पर चलकर सफल भी हुए।मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी को लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्ष और समाजवाद की बात करनी चाहिए। आज देश को आजाद हुए 75 साल हो गए लेकिन देश की आजादी में किन महापुरुषों का योगदान रहा, किस प्रकार देश को आजादी मिल पाई और कितना संघर्ष करना पड़ा इसकी सही जानकारी और इतिहास को जानना युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है। गहलोत ने पंडित जवाहरलाल नेहरू सरदार पटेल और भीमराव अंबेडकर सहित कई महापुरुषों का जिक्र भी किया।सीएम गहलोत ने कहा आज जातिवाद और धर्म के नाम पर भड़काया जा रहा है। जातिवाद की आग लगाना आसान है लेकिन उसे बुझाना मुश्किल है। संगोष्ठी को शिक्षा मंत्री डॉ बी डी कल्ला और राज्य मंत्री जाहिदा खान ने भी संबोधित किया।