कोटा से हंसपाल यादव।
कोटा मे हाल ही में संपन्न हुए पंचायत राज चुनावों में विजयी रहे जनप्रतिनिधियों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का अभिनंदन किया। इस मौके पर स्पीकर बिरला ने सभी को जनकल्याण की दिशा में कार्य करने तथा इसमें स्वहित नहीं आने देने की बात कही। धरणीधर गार्डन में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए स्पीकर बिरला ने कहा कि चुनाव में जीत से हममें अभिमान नहीं आना चाहिए और हार से विचलित भी नहीं होना चाहिए। यदि हमें जीतें है तो वह प्रभु का आशीर्वाद है और यदि हारें तो वह भी प्रभु की इच्छा है। लेकिन दोनों ही परिस्थितियों में हमारा उद्देश्य लोगों की सेवा तथा लक्ष्य जनता का कल्याण होना चाहिए। यदि आप इन्हीं बातों को ध्यान में रखकर कार्य करेंगे तो कभी भी मन को पीड़ा नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आप कर्म को ही सर्वोपरी रखें, उसमें फल की इच्छा नहीं करें। आप कर्म करते रहेंगे तो एक दिन फल अवश्य ही मिलेगा। कर्म करते हुए हमारी भावना होनी चाहिए कि हम सामाजिक जीवन में कार्य कर रहे हैं और लोगों के अभाव दूर करना और अपने प्रतिनिधित्व के क्षेत्र का विकास करना ही हमारी नियती है।
 स्पीकर बिरला ने कहा कि यदि हम ठान लें तो हालात कैसे भी क्यों नहीं हो, हम उनको बदल सकते हैं। हमारा प्रयास अब अगले दो वर्षों में अपने गांव को आदर्श गांव बनाना होना चाहिए। शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि हर क्षेत्र में विकास का आप नेतृत्व करें। चुनाव खत्म होने के बाद आप अपने क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति के प्रतिनिधि हैं। उनके प्रति सहृदयता रखें तथा उनकी बातों का सम्मान करें।
चुनाव में जीत नहीं पाए उम्मीदवारों से लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि आपको अब पहले से अधिक ऊर्जा से लोगों के लिए काम करना होगा। लोगों की सेवा जारी रखते हुए आप यह आकलन भी करें कि कमी कहां रह गई। लोकतंत्र की ताकत है कि एक ही दिन में सत्ता परिवर्तन हो जाता है। आप जनहित के कार्यों में खुद की सक्रिय सहभागिता बनाए रखें। इससे पूर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मदन दिलावर ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है कि एक छोटा सा कार्यकर्ता भी जिला प्रमुख के पद पर पहुंच सकता है। भाजपा में कार्यकर्ता की मेहनत को सम्मान मिलता है। विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है। चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुटता से काम किया। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को इसी हौसले और जज्बे के साथ बड़े लक्ष्य के लिए काम करना होगा। विधायक कल्पना देवी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में कोटा की ग्रामीण सरकार आमजन की बेहतरी के लिए कार्य करेगी। पूर्व विधायक और चुनाव प्रभारी प्रभुलाल सैनी ने कहा कि यह कांग्रेस की नीतियों की हार है। जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है। पूर्व विधायक अजीत मेहता ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दिन अब गिनती के रह गए हैं। कांग्रेस सरकार आपसी कलह से जूझ रही है, जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक हीरलाल नागर ने कहा कि पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया है। आमजन कांग्रेस राज से परेशान हो चुका है। यह परिणाम आने वाले भविष्य के संकेत हैं।

स्पीकर बिरला का हुआ भव्य स्वागत।
इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर पंचायत राज प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की ओर से लोकसभा अध्यक्ष बिरला का भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। 

यह भी रहे उपस्थित।
कार्यक्रम में पूर्व महापौर महेश विजय, पार्षद योगेंद्र खींची, भाजपा शहर जिला महामंत्री जगदीश जिंदल, जीएमए अध्यक्ष राकेश जैन मडिया, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश महामंत्री विकास शर्मा, विशाल शर्मा, देहात भाजपा के जिला अध्यक्ष मुकुट नागर सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।