जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
पूरे देश सहित राजस्थान में 3 जनवरी से 15 से 18 साल की एज ग्रुप के बच्चों का वैक्सीनेशन शुरू होगा। इस अभियान में भारत बायोटेक कंपनी की बनी को-वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन 1 जनवरी से शुरू होगा। राजस्थान प्रदेश में 15-18 आयु के 46 लाख 51 हजार बच्चों को वैक्सीनेट करने का  लक्ष्य निर्धारित किया है। लेकिन केन्द्र सरकार ने 46 लाख 51 हजार आंकड़ा रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया से जारी डेटा के आधार पर निकाला है। वहीं 60 साल या उससे ज्यादा के एज ग्रुप के वे लोग जो बीमार हैं उनको प्रीकॉशन डोज 10 जनवरी से लगेगी। ऐसे लोगों की संख्या राजस्थान में 13 लाख 66 हजार 600 निर्धारित की है। हालांकि वर्तमान में प्रदेश में इस एज ग्रुप के लोगों की कुल संख्या 73 लाख 40 हजार से भी ज्यादा है। प्रीकॉशन डोज(बूस्टर) के लिए लाभार्थी को डॉक्टर से लिखा सर्टिफिकेट या कोई दस्तावेज लगाने की जरूरत होगी। लेकिन केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइन में इसे अनिवार्य नहीं किया है। इन एज ग्रुप के लोगों का मौके पर ही रजिस्ट्रेशन करके वैक्सीन लगाई जा सकेगी। तीसरी डोज या कहें प्रीकॉशन डोज केवल उन्हीं व्यक्तियों को लगाई जा सकेगी, जिसके दूसरी डोज लगे 9 महीने या 39 सप्ताह का समय हो गया हो। 60 साल से ज्यादा एज ग्रुप के अलावा 10 जनवरी से हेल्थ व फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए भी प्रीकॉशन डोज का अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश में हेल्थ वर्कर 5 लाख 88 हजार 779 हैं। जबकि फ्रंट लाइन वर्कर्स 5 लाख 89 हजार 908 से ज्यादा हैं। स्वास्थ्य निदेशालय के टीकाकरण परियोजना के निदेशक डॉ. रघुराज सिंह ने बताया कि प्रदेश में किशोरों के साथ ही अन्य वर्गों को टीके लगाने की तैयारियां पूरी हैं। सेंटर पर पूरी तैयारी हो चुकी है।