धौलपुर मुनेश धाकरे।

धौलपुर जिला प्रमुख एवं 6 पंचायत समितियों के प्रधानों का चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सम्पन्न हुआ।

जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार जायसवाल ने बताया कि जिला प्रमुख के पद के लिये दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया। जिनमें कांग्रेस के लिये भगवान देवी एवं भाजपा की पवनेश शर्मा ने नामांकन किया। नाम निर्देशन जांच के उपरान्त हुए मतदान के पश्चात मतगणना में कांग्रेस की भगवान देवी को 19 एवं भाजपा की पवनेश शर्मा को 4 मत प्राप्त हुए। जिले के सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमुख पद के लिये कांग्रेस की भगवान देवी को विजयी घोषित किया गया।

पंचायत समिति प्रधानों का यह रहा चुनाव परिणाम।

पंचायत समितियों के प्रधान पद के लिए बसेड़ी पंचायत समिति से कांग्रेस के अमित परमार निर्विरोध, पंचायत समिति सरमथुरा से निर्दलीय द्रोपती निर्विरोध विजयी घोषित हुए। धौलपुर पंचायत समिति से भाजपा की प्रियंका एवं कांग्रेस की सीतादेवी, पंचायत समिति सैपऊ से कांग्रेस के दीप सिंह एवं बाजपा के तुलसी राम, पंचायत समिति बाड़ी में भाजपा की प्रियंका एवं कांग्रेस के अजय सिंह परमार, पंचायत समिति राजाखेड़ा से बाजपा की सुधा एवं कांग्रेस की लता कंवर उर्फ चारू तौमर ने नामांकन प्रस्तुत किये। नाम निर्देशन पत्रों की जांच के उपरान्त हुए मतदान की मतगणना के पश्चात राजाखेड़ा पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी लता कंवर उर्फ चारू तौमर को 21 मत प्राप्त हुये भाजपा की सुधा को 4 मत प्राप्त हुये, राजाखेड़ा पंचायत समिति के प्रधान पद के लिये लता कंवर उर्फ चारू तौमर को विजयी घोषित किया गया है। इसी प्रकार बाड़ी पंचायत समिति में कांग्रेस के अजय सिंह परमार को 21 और भाजपा की प्रियंका को 4 मत प्राप्त हुए। पंचायत समिति प्रधान के लिये अजय सिंह परमार को विजयी घोषित किया गया। पंचायत समिति सैपऊ से कांग्रेस के दीप सिंह को 7 तथा भाजपा के तुलसी राम को 16 मत प्राप्त हुए एवं 3 सदस्यों द्वारा अपने मत का प्रयोग नहीं किया गया तथा 1 मत निरस्त किया गया। पंचायत समिति प्रधान के लिये भाजपा के तुलसी राम को विजयी घोषित किया गया। पंचायत समिति धौलपुर के लिये कांग्रेस की सीता देवी को 18 मत एवं भाजपा की प्रियंका को 5 मत प्राप्त हुए एवं 6 सदस्यों द्वारा अपने मत का प्रयोग नहीं किया गया पंचायत समिति प्रधान के लिये कांग्रेस की सीतादेवी को विजयी घोषित किया गया।