उदयपुर से भगवान प्रजापत की रिपोर्ट। 

उदयपुर के ग्रामीण इलाकों में वन्यजीवों का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। जिले के कुराबड़ में शनिवार को 15 फीट का विशालकाय अजगर घुस आया। देखते ही देखते अजगर सियार को निगल गया। ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर का रेस्क्यू किया। उसे जंगल में छोड़ दिया गया। कुराबड़ के बेमला गांव के पास एक खेत में सियारों के चिल्लाने की आवाज आ रही थी। आवाज सुन बड़ी संख्या में वहां ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 15 फीट लंबे अजगर ने सियार को निगल लिया। ग्रामीणों ने अजगर पर पत्थर मारकर उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन उसने सियार को जकड़ लिया था। इसके बाद उसने सियार को निगल लिया। ग्रामीणों की सूचना पर क्षेत्रीय वन अधिकारी विजेंद्र सिंह और स्नेक कैचर पदम सिंह मौके पर पहुंचे। करीब 2 घंटे तक की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को काबू में कर पकड़ा जा सका। रेस्क्यू के बाद अजगर को आबादी बस्ती से दूर जंगल में छोड़ दिया गया है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अजगर शिकार की तलाश में आबादी क्षेत्र में पहुंच गया था। शिकार करने के बाद अजगर वापस वन क्षेत्र में नहीं गया। इसी दौरान ग्रामीणों ने अजगर को देख लिया और वन विभाग को बता दिया। इससे पहले भी उदयपुर के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए और मगरमच्छ ने भी आबादी क्षेत्र में पहुंचकर हड़कंप मचा दिया था। वहीं अब विशालकाय अजगर ने घनी आबादी क्षेत्र में सियार का शिकार कर लिया है। जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।